महराजगंज भिटौली: में नाली की बदहाली दिखाना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर आवाज उठाने वाले युवक को प्रधान पक्ष ने पीटा, जान से मारने की धमकी
भिटौली: में नाली की बदहाली दिखाना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर आवाज उठाने वाले युवक को प्रधान पक्ष ने पीटा, जान से मारने की धमकी
महराजगंज: जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरौली गांव में सोशल मीडिया का इस्तेमाल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। गांव की बदहाल नाली व्यवस्था की पोल खोलना युवक के लिए जी का जंजाल बन गया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पुत्र और प्रधान पति ने युवक को रास्ते में रोककर न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी है।

क्या है मामला?
अहिरौली निवासी अरविंद कनौजिया ने 6 अगस्त 2026 को गांव की ध्वस्त नाली व्यवस्था को सोशल मीडिया पर वायरल किया था। युवक का आरोप है कि जैसे ही गांव की बदहाली सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों के सामने आई, ग्राम प्रधान का परिवार आगबबूला हो गया। अरविंद का आरोप है कि ग्राम प्रधान के पुत्र विवेक कुमार और प्रधान पति रुदल प्रसाद ने उसे रास्ते में घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी।

वीडियो है सबूत, पुलिस से लगाई गुहार
पीड़ित अरविंद का दावा है कि उसके पास इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जो उनके क्रूर रवैये की पुष्टि करता है। पीड़ित ने भिटौली थाने में नामजद तहरीर देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसने स्पष्ट कहा कि यदि प्रधान पक्ष की दादागिरी पर रोक नहीं लगी, तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं / कमेंट्स
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!